रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सूची से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान करने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों का भी दोबारा सत्यापन किया जाएगा। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
SIR में करीब 24.99 लाख नाम हटे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान करीब 24.99 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इनमें लगभग 6.42 लाख मृत मतदाता और 19,13,540 अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं, पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 2,35,994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए।
अब शुरू किए गए विशेष अभियान के दौरान उन पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनके नाम विभिन्न कारणों से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। BLO घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे और पात्र लोगों को पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में मदद करेंगे।
मतदान केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में लगेंगे शिविर
विशेष अभियान के तहत हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को स्कूल-कॉलेजों में मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में भी युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए संस्थानों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की मदद ली जाएगी।
BLO को फॉर्म-6 के आवेदन प्राप्त करने और क्षेत्र में सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा करेंगे।
वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए ऐसे करें आवेदन
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।
- ऑनलाइन: ECINET मोबाइल ऐप या voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
- ऑफलाइन: संबंधित मतदान केंद्र के BLO के पास फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है।
- BLO से संपर्क: ECINET ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा के जरिए संपर्क किया जा सकता है।
- हेल्पलाइन: पंजीकरण से जुड़ी सहायता के लिए 1950 नंबर पर कॉल किया जा सकता है।
मतदाता पंजीकरण और BLO से संपर्क से जुड़ी सुविधाएं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।
17 वर्ष से अधिक उम्र के युवा भी कर सकते हैं आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए निर्धारित पात्रता और प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा।
प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में मतदाता सूची से बाहर न रहे। इसके लिए युवाओं, परिवारों और अन्य पात्र नागरिकों से अभियान में भाग लेने तथा अपना नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की गई है।
मतदाता अपने नाम की स्थिति जांचें: जिन नागरिकों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में नहीं है, वे आधिकारिक पोर्टल या संबंधित BLO के माध्यम से जानकारी लेकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
