Kalyan Jewellers IPO: इश्यू आज खुला, क्या आपको इसमें निवेश करना चाहिए?

Kalyan Jewellers IPO: केरल की ज्वैलरी कंपनी कल्याण ज्वैलर्स का IPO आज यानी 16 मार्च को खुल गया है। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 86-87 रुपए प्रति शेयर है। कंपनी इश्यू से 1175 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। यह IPO 18 मार्च को बंद होगा। कंपनी ने 15 मार्च को एंकर इनवेस्टर्स से पहले ही 352 करोड़ रुपए जुटा लिए हैं।

कंपनी के इश्यू में 800 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू और 375 करोड़ रुपए के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) में बेचे जाएंगे।

क्या है एक्सपर्ट्स की राय

ज्यादातर एक्सपर्ट्स कंपनी की ब्रांड वैल्यू, डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, प्रोडक्ट डायवर्सिफिकेशन और आगे बेहतर ग्रोथ की उम्मीद को देखते हुए इस इश्यू में निवेश की सलाह दे रहे हैं।

हालांकि कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि कल्याण ज्वैलर्स के इश्यू की हाई प्राइसिंग, ज्वैलरी बिजनेस में प्रतियोगिता और गोल्ड की कीमतों में उतारचढ़ाव को देखते हुए, इससे दूर रहना ही बेहतर है।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज ने कहा, “87 रुपए के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कीमत ज्यादा है लेकिन लॉन्ग टर्म में कल्याण ज्वैलर्स 25 P/E पर है। कंपनी की बैलेंस शीट और आगे मुनाफा बेहतर होने की उम्मीद और देश भर में इसकी मौजूदगी से हम इसमें लॉन्ग टर्म में निवेश की सलाह देंगे।”

कंपनी की शुरुआत 1993 में टीएस कल्याणरमण ने किया था। यह देश की सबसे बड़ी ज्वैलरी कंपनियों में से एक है। फिस्कल ईयर 2020 तक देश के ऑर्गेनाइज्ड ज्वैलरी मार्केट में कंपनी की हिस्सेदारी 5.9 फीसदी है।