खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची अपने माता-पिता के साथ आरोपी के मकान में किराए पर रहती है। घटना 2 अक्टूबर की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर 45 वर्षीय मकान मालिक को हिरासत में लिया है।
पहले भी गलत हरकत की कोशिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के परिजनों ने आरोपी दिलावर पर लंबे समय से बच्ची पर गलत नजर रखने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि आरोपी ने इससे पहले भी बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की थी, लेकिन वह कथित तौर पर अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका।
2 अक्टूबर को वारदात का आरोप
एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बच्ची के परिजनों के हवाले से बताया कि 2 अक्टूबर को आरोपी को मौका मिला और उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी हालत देखकर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच के दौरान यौन शोषण की पुष्टि होने के बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई।
इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए खुर्सीपार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
FIR दर्ज कर आरोपी हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 3 अक्टूबर को आरोपी दिलावर को हिरासत में लिया।
फिलहाल पुलिस बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
