मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के डीमावर गांव में गुरुवार को 42 वर्षीय किसान की दिनदहाड़े हत्या से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजेश यदुवंशी के रूप में हुई है। वह खेत पर काम करने गया था, इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
भाई ने खेत में पड़ा देखा शव
भैरुंदा एसडीओपी रोशन जैन के मुताबिक, मृतक के भाई ने खेत में राजेश का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भैरुंदा अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल और आसपास के इलाके में पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले को संदिग्ध परिस्थितियों से जोड़कर जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जांच टीम घटनास्थल के आसपास संभावित सुराग तलाश रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था।
ग्रामीणों ने जल्द गिरफ्तारी की मांग की
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे क्या कारण था और वारदात में कितने लोग शामिल थे, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
