अभिनेत्री नुसरत भरुचा को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। काम के सिलसिले में बाली गईं अभिनेत्री के साथ हादसा हो गया, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने की जानकारी उनकी टीम ने दी है। नुसरत फिलहाल बाली के एक अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
उनकी टीम के मुताबिक, अभिनेत्री को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से मुंबई लाने की तैयारी की जा रही है।
रीढ़ की हड्डी की होगी सर्जरी
नुसरत भरुचा की टीम की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि अभिनेत्री की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है और उनकी सर्जरी की जाएगी। फिलहाल उनकी टीम का पूरा ध्यान उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर है।
टीम लगातार डॉक्टरों के संपर्क में है। हालांकि, हादसा किस तरह हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।
एयर एंबुलेंस से मुंबई लाने की तैयारी
टीम के अनुसार, नुसरत को बाली से मुंबई लाने के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है। मुंबई पहुंचने के बाद उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी किए जाने की उम्मीद है।
चोट और प्रस्तावित सर्जरी को देखते हुए अभिनेत्री को रिकवरी के लिए पर्याप्त आराम और समय की जरूरत होगी। इसके चलते आने वाले कुछ हफ्तों में उनके काम से जुड़े कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं।
नुसरत की टीम ने मांगी प्राइवेसी
नुसरत की टीम ने इस मुश्किल समय में उनके प्रशंसकों, दोस्तों और मीडिया से निजता का सम्मान करने की अपील की है। टीम के मुताबिक, इस समय अभिनेत्री का पूरा ध्यान इलाज और रिकवरी पर है।
टीम ने नुसरत के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने और शुभकामनाएं भेजने वाले लोगों का आभार भी व्यक्त किया है। जरूरत के अनुसार आगे स्वास्थ्य संबंधी अपडेट साझा किए जाएंगे।
नुसरत ने खुद नहीं दिया हेल्थ अपडेट
फिलहाल नुसरत भरुचा ने खुद सोशल मीडिया या किसी अन्य सार्वजनिक माध्यम से अपनी सेहत को लेकर कोई अपडेट साझा नहीं किया है। अभिनेत्री के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी फिलहाल उनकी टीम की ओर से जारी बयान के आधार पर सामने आई है।
‘छोरी 2’ में नजर आई थीं नुसरत
वर्कफ्रंट की बात करें तो नुसरत भरुचा हाल ही में फिल्म ‘छोरी 2’ में नजर आई थीं। इसके अलावा वह ‘उफ्फ ये सियापा’ में भी दिखाई दी थीं।
फिलहाल अभिनेत्री के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद के बीच उनकी टीम ने लोगों से उनकी निजता बनाए रखने की अपील की है।
