मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ खजूरी सड़क पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एक टाटा नेक्सॉन कार से 225 लीटर देशी शराब बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया। शराब और कार की कुल कीमत करीब 14 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार में बिना वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों के शराब का परिवहन कर रहा था। इसके बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोकी कार
पुलिस को सूचना मिली थी कि नीले रंग की टाटा नेक्सॉन कार क्रमांक MP04CU6692 से अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर खजूरी सड़क थाना पुलिस की टीम ने ग्राम खजूरी सड़क में खजूरी मस्जिद के पास ईंटखेड़ी रोड पर घेराबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन के अंदर देशी प्लेन मदिरा के 25 कार्टून मिले। इनमें कुल 1,250 क्वार्टर थे, जिनकी कुल मात्रा 225 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब की कीमत करीब 95 हजार रुपये आंकी है।
कार चालक से शराब के परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह इन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका।
शराब और करीब 14 लाख रुपये की कार जब्त
पुलिस ने अवैध रूप से शराब का परिवहन पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की। मौके से करीब 95 हजार रुपये की शराब और लगभग 14 लाख रुपये कीमत की टाटा नेक्सॉन कार जब्त की गई।
इस तरह जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत 14 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी अरेरा हिल्स थाने में सूचीबद्ध
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय बैरागी (31), पिता बाबूलाल बैरागी, निवासी भीमनगर, अरेरा हिल्स, भोपाल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अरेरा हिल्स थाने में सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की रही भूमिका
इस कार्रवाई में खजूरी सड़क थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह सोलंकी, सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह, प्रधान आरक्षक राहुल गुरु और युवराज सिंह के साथ आरक्षक वरुण त्रिपाठी, गौतम मानकर तथा गोविन्दा धुर्वे शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।
