Headlines

धुमाल पार्टी से मारपीट, तलवार लहराने के आरोप में 3 गिरफ्तार

धुमाल पार्टी से मारपीट, तलवार लहराने के आरोप में 3 गिरफ्तार धुमाल पार्टी से मारपीट, तलवार लहराने के आरोप में 3 गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान मनपसंद बाजा बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट, तोड़फोड़ और तलवार लहराने तक पहुंच गया। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक जब्त की गई हैं। गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

मनपसंद धुमाल बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, सांकरा (नगरी) की रुद्राक्ष धुमाल पार्टी के संचालक और उनके साथी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान धमतरी के बांसपारा क्षेत्र में बाजा बजा रहे थे। इसी दौरान मराठा पारा मंगल भवन के पास कुछ युवक पहुंचे और अपनी पसंद के अनुसार धुमाल बजाने का दबाव बनाने लगे।

धुमाल पार्टी की ओर से मना किए जाने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रामबाग के पास युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बेसबॉल स्टिक, हॉकी स्टिक और तलवार से हमला किया गया। आरोपियों पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने तथा धुमाल पार्टी के बाजा और वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।

तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक जब्त

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया।

इसके बाद पुलिस ने जांच और कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक बरामद की गई हैं।

रितेश, जतीश और अमरचंद गिरफ्तार

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश पेंदरिया उर्फ रितू (20), जतीश साहू उर्फ डुई (19) और अमरचंद पटेल उर्फ छोटू (26) के रूप में हुई है। तीनों धमतरी के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस विवाद में मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ के आरोप सामने आए हैं। सिटी कोतवाली पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *