छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर के निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मिठाई और अन्य पकवान तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को बाथरूम में धोते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया है।
ग्राहक ने बनाया वीडियो
जानकारी के मुताबिक, एक ग्राहक ने दुकान में बर्तनों को बाथरूम में धोते हुए देखा। इसके बाद उसने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला खाद्य सुरक्षा विभाग तक पहुंचा।
वायरल वीडियो में कर्मचारियों की ओर से कथित तौर पर कहा जा रहा है कि किसी परेशानी या आपात स्थिति के कारण बर्तनों को वहां धोया जा रहा था। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से वीडियो सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील करते हुए कर्मचारी भी दिखाई दे रहे हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभाग की जांच में यदि वीडियो में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।
