Headlines

महासमुंद में घर में घुसा तेंदुआ, परिवार के 6 लोगों पर हमला; 3 गंभीर

महासमुंद में घर में घुसा तेंदुआ, परिवार के 6 लोगों पर हमला; 3 गंभीर महासमुंद में घर में घुसा तेंदुआ, परिवार के 6 लोगों पर हमला; 3 गंभीर

महासमुंद जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के झिटकी गांव में तेंदुए ने एक घर में घुसकर परिवार के 6 लोगों पर हमला कर दिया। रविवार देर रात हुई इस घटना में 4 पुरुष और 2 महिलाएं घायल हुए हैं। इनमें 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर तेंदुए की निगरानी कर रही है और उसके रेस्क्यू के लिए रायपुर से विशेष टीम बुलाई गई है।

बाथरूम जाने निकली महिला पर पहले किया हमला

जानकारी के मुताबिक, झिटकी गांव के यादव परिवार के घर में देर रात तेंदुआ घुस आया। बताया जा रहा है कि परिवार की उत्तरी बाई नाम की महिला बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थी।

इसी दौरान तेंदुए ने अचानक महिला पर हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए। इसके बाद तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और वहां मौजूद लोगों को निशाना बनाने लगा।

परिवार ने तेंदुए को कमरे में किया बंद

तेंदुए के हमले में परिवार के कुल 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।

हमले के दौरान परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे के अंदर बंद कर दिया। इससे तेंदुए को एक जगह सीमित करने और घायलों समेत अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद मिली।

3 घायलों को रायपुर रेफर किया गया

घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया है।

दो दिन में तेंदुए के दो हमले

महासमुंद जिले में तेंदुए के हमले की यह घटना एक दिन पहले सामने आए एक अन्य हमले के बाद हुई है। लगातार दो दिनों में तेंदुए के हमले की घटनाओं से इलाके के ग्रामीणों में डर का माहौल है।

स्थानीय लोग रात के समय घर से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं और वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

रायपुर से बुलाई गई रेस्क्यू टीम

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वन अमला तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए रायपुर से विशेष टीम बुलाई गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की कोशिश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *