शेयर बाजार में शुरुआती गिरावट के बाद अब स्थिति थोड़ी बेहतर, निफ्टी में भी सुधार…

नई दिल्ली- शेयर बाजार में शुरुआती गिरावट के बाद अब स्थिति थोड़ी बेहतर हुई है। हालांकि सेंसेक्स और निफ्टी अभी भी लाल निशान पर हैं। सेंसेक्स अपने आज के सबसे निचले स्तर 56,409.63 से करीब 500 अंकों की रिकवरी कर चुका है। अब यह 56995 पर है। वहीं निफ्टी दिन के निचले स्तर 16,836.80 से 85 अंक ऊपर 17021 पर पहुंच गया है। हालांकि, बाजार में अभी काफी उतार-चढ़ाव दिख रहा है।

शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। भारी बिकवाली के बीच पांच दिन में निवेशकों की 19,50,288.05 करोड़ रुपये की पूंजी डूबी है। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,545.67 अंक या 2.62 प्रतिशत के नुकसान से 57,491.51 अंक पर आ गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 468.05 अंक या 2.66 प्रतिशत टूटकर 17,149.10 अंक पर बंद हुआ। यह शेयर बाजारों में दो माह में किसी एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है।

जनवरी के आखिरी सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भी शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। बीएसई का 30 स्टॉक्स पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 332 अंकों की गिरावट के साथ 57158 के स्तर पर खुला और खुलते ही यह 857 अंक नीचे 5663 पर आ गया। वहीं, निफ्टी ने 17001 के स्तर से आज दिन के कारोबार की शुरुआत की और शुरुआती कारोबार में ही 250 अंक टूटकर 16898 पर आ गया। चंद मिनट बाद ही सेंसेक्स 1032.91 अंक लुढ़क कर 56,458.60 के स्तर पर आ गया।