कोरबा जिले के कटघोरा में एक व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल प्लॉट के अंदर घने जंगल में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मौत की वजह और व्यक्ति की पहचान समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्लांट के अंदर जंगल में मिला शव
मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह एक महिला की नजर जंगल में पड़े शव पर पड़ी। महिला ने इसकी जानकारी ग्रामीणों के साथ पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों को दी।
इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
फोरेंसिक टीम ने भी की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
वहीं पुलिस आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृतक वहां कैसे पहुंचा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
