Headlines

लगातार छठे दिन पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा, कच्चे तेल के दाम में भारी उछाल, शेयर बाजार में गिरावट, रुपया हुआ कमजोर

तेल कंपनियों ने लगातार छठे दिन मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा कर दिया है। पिछले दिनों अमेरिकी हमले में ईरानी के टॉप कमांडर की मौत के बाद से खाड़ी क्षेत्र में तनाव का असर पेट्रोल-डीजल के रेट पर भी पड़ रहा है। कच्चे तेल के रेट तेजी से बढ़ने लगे हैं। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत पांच पैसे बढ़ गई है। वहीं डीजल की बात करें तो दिल्ली और कोलकाता में एक लीटर डीजल की कीमत 11 पैसे व मुंबई में 12 पैसे की बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं चेन्नई में भी डीजल का दाम 11 पैसे बढ़ा है।इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम दैनिक आधार पर 6 बजे से पेट्रोल रेट और डीजल रेट में संशोधन करती हैं और जारी करती हैं।

इंडियन ऑयल (Indian Oil) की वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार (7 जनवरी 2020) को दिल्ली (Delhi), मुंबई (Mumbai), कोलकाता (Kolkata), चेन्नई (Chennai) के अलावा अन्य शहरों में में पेट्रोल (Petrol News) और डीजल के रेट इस प्रकार रहे।

SMS के जरिए ऐसे जानें अपने शहर में पेट्रोल-डीजल के रेट

आप अपने शहर के पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना SMS के जरिए भी चेक कर सकते है। इंडियन ऑयल (IOC) के उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9224992249 नंबर पर व एचपीसीएल (HPCL) के उपभोक्ता HPPRICE <डीलर कोड> लिखकर 9222201122 नंबर पर भेज सकते हैं। बीपीसीएल (BPCL) उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज सकते हैं।

रोजाना 6 बजे तय होते हैं पेट्रोल-डीजल के रेट

ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज़ाना पेट्रोल  और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल , भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोज़ाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं।

कच्चा तेल 70 डॉलर के पार निकला

अमेरिका-ईरान में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल में के दाम में जोरदार उछाल आया है। कच्चा तेल (ब्रेंट क्रूड) का भाव सोमवार को 70 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया। इससे पहले सितंबर में सऊदी अरामको पर हमले के बाद ब्रेंट क्रूड का भाव 70 डॉलर से ऊपर उछला था। अमेरिका और ईरान के बीच ठन जाने से कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका है। इससे कच्चे तेल के दाम में लगातार तेजी बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में सोमवार को दो फीसदी से ज्यादा की तेजी आई, जबकि भारतीय वायदा बाजार में कच्चे तेल के भाव में तीन फीसदी से ज्यादा का उछाल आया।

जारी रह सकती है कच्चे तेल की कीमतों में तेजी

केडिया एडवाइजरी के मैनेजिंग डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक मध्यपूर्व में तनाव की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रह सकती है। विदेशी बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 70 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है और भाव अभी भी तेजी के जोन में बना हुआ है। मौजूदा हालात को देखते हुए एक हफ्ते में वायदा में कच्चे तेल का भाव 4,700 रुपये के स्तर तक जा सकता है।

भारत के क्रूड इंपोर्ट पर भी ये होगा असर

वहीं भारतीय जनता पार्टी के एनर्जी सेल के प्रमुख नरेंद्र तनेजा के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की वजह से फिलहाल कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रहने की आशंका है। तनेजा के मुताबिक अगर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ता है तो इसका भारत के क्रूड इंपोर्ट पर भी काफी असर पड़ सकता है। अभी चूंकि ईरान के कच्चे तेल का सबसे बड़ा खरीदार चीन है और भारत इराक के क्रूड का इंपोर्ट काफी मात्रा में करता है। ऐसे में अगर ईरान की ओर से इराक में अमेरिकी बेस पर हमले जारी रहते हैं तो भारत को क्रूड की सप्लाई प्रभावित हो सकती है, जिससे भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी हो सकती है।

शेयर बाजार में गिरावट

अमेरिका-ईरान में बढ़ते तनाव के बीच आज बुधवार को भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर गिरावट के साथ खुले। 30 शेयरों वाला बीएसई का सूचकांक सेंसेक्स जहां  40,660.97  पर कारोबार कर रहा है, वहीं निफ्टी भी लाल निशान के साथ खुला और सुबह 9:37 बजे 11,984.95 अंक पर कारोबार कर रहा है। शुरुआत में Sensex करीब 200 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।

डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर

बुधवार (8 जनवरी 2020) को शुरुआती कारोबार में डॉलर (US Dollar) के मुकाबले रुपया (Indian Rupee) गिरावट के साथ खुला है। शुरुआती कारोबार में डॉलर (Dollar) के मुकाबले रुपया (Rupee) 19 पैसे की कमजोरी के साथ खुला है। अमेरिकी डॉलर (Dollar) के मुकाबले रुपया (Rupee) 72.02 प्रति डॉलर के भाव पर खुला है।बीते सत्र में अमेरिकी डॉलर (Dollar) के मुकाबले रुपया 71.83 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004