Headlines

अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिला, बहन भाई को कंधे पर उठाकर वार्ड तक ले गई

गुना के राघौगढ़ अस्पताल में दिव्यांग भाई को कंधे पर उठाकर वार्ड तक ले जाती बहन गुना अस्पताल में बहन ने दिव्यांग भाई को कंधे पर उठाकर पहुंचाया वार्ड

मध्य प्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ स्थित अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला अपने बीमार और दिव्यांग भाई को कंधे पर उठाकर अस्पताल के वार्ड तक ले जाती नजर आ रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एक साल से बीमार है युवक

जानकारी के मुताबिक, बोरखेड़ी गांव निवासी कृष्णाबाई अपने भाई जगदीश को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी। बताया गया है कि जगदीश पिछले करीब एक साल से बीमार है और दिव्यांगता के कारण खुद चलने-फिरने में असमर्थ है।

अस्पताल पहुंचने के बाद मरीज को वार्ड तक ले जाने के लिए स्ट्रेचर या तत्काल सहायता नहीं मिलने पर कृष्णाबाई ने भाई को अपनी पीठ पर बैठाया और खुद वार्ड तक लेकर गई। अस्पताल परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।

अस्पताल प्रबंधन ने स्ट्रेचर की कमी से किया इनकार

वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने के दावे को खारिज किया है।

प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मुताबिक अस्पताल में पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक के साथ-साथ पुराने अस्पताल परिसर के आसपास भी स्ट्रेचर की व्यवस्था रहती है।

फिलहाल वायरल वीडियो के सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि यदि अस्पताल में स्ट्रेचर उपलब्ध थे, तो मरीज को वार्ड तक पहुंचाने के लिए उसकी बहन को भाई को कंधे पर उठाकर ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी। मामले में अस्पताल की वास्तविक स्थिति और उस समय उपलब्ध सहायता को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *