Headlines

जमीन विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की,टंगिया से सिर पर किया हमला

अंबिकापुर में जमीन विवाद के बाद बेटे द्वारा पिता की हत्या के मामले की प्रतीकात्मक तस्वीर जमीन विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या

अंबिकापुर के दरिमा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद हत्या में बदल गया। इमलीपारा में एक बेटे पर अपने पिता के सिर पर टंगिया से हमला करने का आरोप है। हमले में पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जमीन बेचने को लेकर था विवाद

मामला भालूकछार ग्राम पंचायत के इमलीपारा का है। मृतक की पहचान रमाशंकर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमाशंकर ने कर्ज चुकाने के लिए करीब 7 से 8 लाख रुपये में अपनी जमीन बेची थी। जमीन बेचने की बात को लेकर उनका बेटा मुकेश सिंह (32) नाराज था।

खाना खाते समय शुरू हुआ विवाद

बताया गया है कि रमाशंकर अपनी पत्नी के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान मुकेश ने जमीन बेचने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी बढ़ने के बाद मुकेश ने कथित तौर पर टंगिया से पिता के सिर पर हमला कर दिया।

हमले में रमाशंकर गंभीर रूप से घायल हुए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलने के बाद दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी मुकेश सिंह को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम, जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद और वारदात के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *